दाड़लाघाट। गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष्य में अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट की सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना के अंतर्गत ग्राम कश्यालू, सोहरा सहित 35 से अधिक गांवों में मधुमेह और उच्च रक्तचाप जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों के माध्यम से लोगों को उच्च रक्तचाप और मधुमेह की नियमित जांच करवाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। शिविरों में 18 वर्ष से अधिक आयु के करीब 250 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को मधुमेह और उच्च रक्तचाप से बचाव के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि और जीवनशैली में आवश्यक सुधार करने के प्रति जागरूक किया। कम्युनिटी क्लीनिक सेंटर कश्यालू में डॉ. अमित मिश्रा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने लोगों की उच्च रक्तचाप की जांच करने के साथ मधुमेह से पीड़ित लोगों को चिकित्सीय सलाह और परामर्श दिया। अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना समन्वयक अजीत
कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत 40 से अधिक गांवों में गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जनजागरूकता कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जांच शिविरों और गृह भेंट के माध्यम से लोगों को उच्च रक्तचाप व मधुमेह के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर लोगों की जीवनशैली में सकारात्मक सुधार लाकर गैर-संचारी रोगों को नियंत्रित करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। अंबुजा फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे।






