अर्की
राजकीय महाविद्यालय अर्की में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों छात्र एवं छात्रा तथा इको क्लब द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय स्वच्छता अभियान शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वच्छता अभियान शिखर में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों के स्वयंसेवियों तथा इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने तरल एवं ठोस कचरे को एकत्रित करके उसका व्यवस्थित रूप से निपटान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार शर्मा तथा प्रोफेसर ज्योति एवं इको क्लब के प्रभारी डॉक्टर जितेंद्र ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए ठोस एवं तरल कचरे के व्यवस्थित निपटान करने की विधि बताई तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस तरह की आदत को जीवन में उतारने की सलाह दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉक्टर मस्तराम ने दोनों क्लबों के प्रभारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस मुहिम को छेड़ कर उन्होंने विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागृति उत्पन्न करके उन्हें अपने समाज में भी इस तरह के संस्कार विकसित करने के लिए तैयार कर दिया है। यह गुण विद्यार्थियों में जीवन पर्यंत बना रहेगा तथा वे अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्राचार्य ने आगे कहा कि विद्यार्थी किसी भी संस्थान की शान होते हैं विविध प्रतिभा वाले विद्यार्थी सदैव आगे रहते हैं तथा अपने सहपाठियों तथा समाज को सदैव प्रेरित करते हैं।






