अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर नारा लेखन, चित्रकला और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित
कुनिहार (सोलन) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा बरावरी में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस प्रधानाचार्य दूनी चंद शर्मा की अध्यक्षता में मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदाओं के प्रति जागरूक करने और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह की प्रार्थना सभा में आपदा प्रबंधन संबंधी शपथ के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और बचाव के निर्धारित तरीकों का पालन करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा नारा लेखन, चित्रकला और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के गतिविधि प्रभारी एवं प्रशिक्षित स्नातक कला अध्यापक टीजीटी आर्ट्स ज्ञान दास ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान घबराने के बजाय धैर्य, समझदारी और सतर्कता से काम लेना चाहिए। उन्होंने भूकंप, बाढ़, आगजनी सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी।
उन्होंने कहा कि समय रहते की गई तैयारी, जन-जागरूकता, उचित प्रशिक्षण और सामूहिक प्रयासों से आपदाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह स्वयं जागरूक रहे और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और दूसरों की सहायता करने की भावना विकसित करना रहा।






