कुनिहार
श्रीरामलीला जनकल्याण समिति कुनिहार की ओर से आयोजित वार्षिक दशहरा उत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, स्थानीय कलाकारों और प्रदेश के गायकों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दशहरा मैदान में देर रात तक दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
कार्यक्रम में अर्की नगर पंचायत की उपाध्यक्ष वीणा ठाकुर, पार्षद रंजना कालिया और पार्षद देवेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने एकल गायन, समूह नृत्य, लोकनृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, विरासत कला मंच के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदेश के गायकों और हास्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

20 रुपये की लॉटरी में जीती इलेक्ट्रिक स्कूटी
समिति की ओर से आयोजित ‘दान का दान, इनाम का इनाम’ योजना के तहत 20 रुपये की लॉटरी का ड्रॉ निकाला गया। इसमें कुल 51 इनाम निकाले गए। लॉटरी में अंबाला के एक युवक ने इलेक्ट्रिक स्कूटी जीतकर सबका ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान विजेताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।
समिति अध्यक्ष रितेश जोशी और अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान जगदीश अत्री, समिति अध्यक्ष रितेश जोशी, देवेंद्र कुमार उपाध्याय, देवेंद्र तंवर, अमन अत्री, प्रदीप पुरी, अरविंद जोशी, मुकेश शर्मा, संजय जोशी, संदीप जोशी, सूर्यांश गौरव सहित समिति के सदस्य और सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।






