कुनिहार
नवोदय विद्यालय समिति, चंडीगढ़ संभाग के तत्वावधान में जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में संकुल स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश के 12 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 130 विद्यार्थियों (70 छात्राएं और 60 छात्र) ने भाग लिया।

समापन समारोह में कुनिहार के खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह के निर्देशन में तैयार स्वागत गीत से हुआ। प्रतियोगिता में गायन, वाद्य संगीत, दृश्य कला और पारंपरिक कहानी लेखन सहित विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
समूहगान में जेएनवी सोलन प्रथम, चंबा द्वितीय और ऊना तृतीय स्थान पर रहे। एकल गायन में चंबा प्रथम, हमीरपुर द्वितीय और ऊना तृतीय रहे। विभिन्न वाद्य संगीत एवं दृश्य कला प्रतियोगिताओं में बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला, सोलन और हमीरपुर के विद्यार्थियों ने भी स्थान हासिल किए। पारंपरिक कहानी लेखन में हमीरपुर प्रथम, सोलन द्वितीय और मंडी तृतीय स्थान पर रहे।
विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी क्षेत्रीय स्तर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, कठुआ-बसोहली में आयोजित कला उत्सव में भाग लेंगे। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। मंच संचालन अंग्रेजी अध्यापिका नीलिमा ने किया। विद्यालय के प्राचार्य केके यादव और उपप्राचार्या अनीता कंवर ने अतिथियों, विद्यार्थियों और एस्कॉर्ट शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।






