कसौली,। पवन सिंघ।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली छावनी क्षेत्र में भारतीय सेना का फर्जी अधिकारी बनकर रौब झाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सेना की वर्दी और प्रतीक चिह्नों का दुरुपयोग कर खुद को सेवारत सैन्य
अधिकारी बताने का आरोप है। मिलिट्री इंटेलिजेंस कसौली से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर गढ़खल पुलिस चौकी की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से सेना का लिकर कार्ड भी बरामद किया है पुलिस के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस की कसौली इकाई को सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी और प्रतीक चिह्नों का इस्तेमाल कर खुद को भारतीय सेना का सेवारत अधिकारी बता रहा है। कसौली छावनी क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए इस सूचना को गंभीरता से लिया गया और स्थानीय पुलिस के साथ साझा किया गया। इसके बाद गढ़खल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई ललित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
निजी होटल में शेफ का काम करता है आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध युवक एक निजी होटल में शेफ के रूप में काम करता है और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रहता है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सुनारडी क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अर्पण कटोच निवासी गांव टिकरी, बैजनाथ के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी के दौरान उसकी जेब से सेना का एक लिकर कार्ड बरामद हुआ, जिस पर उसकी सैन्य वर्दी में तस्वीर और नाम अंकित था। पुलिस द्वारा कार्ड की प्रामाणिकता और उसे हासिल करने से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। मामले में कसौली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 168 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच का मुख्य पहलू यह पता लगाना है कि आरोपी ने सेना की वर्दी और लिकर कार्ड कहां से प्राप्त किए तथा इनके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
इसके अलावा, संवेदनशील छावनी क्षेत्र के आसपास खुद को सैन्य अधिकारी बताकर घूमने के पीछे आरोपी की वास्तविक मंशा क्या थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






