कुनिहार:- कुनिहार में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर वाल्मीकि समुदाय की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि और लव-कुश की आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं। वहीं, शिव-पार्वती के रूप में सजे कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान वाल्मीकि के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ किया गया। इसके बाद शोभायात्रा नए बस अड्डे से शुरू हुई। यह सिविल अस्पताल और पुराने बस अड्डे से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। इस दौरान वाल्मीकि समुदाय के महिला पुरुषों ने नाच-गाकर हर्षोल्लास के साथ जयंती मनाई।
वाल्मीकि समिति के प्रधान राजवीर ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में क्षेत्रवासियों के सहयोग से नए बस अड्डे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। शोभायात्रा में प्रस्तुत धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समुदाय के लोगों और क्षेत्रवासियों ने भगवान वाल्मीकि के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों और रामायण की रचना में उनके योगदान को याद किया गया।






