दाड़लाघाट। अंबुजा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) दाड़लाघाट में नए सत्र के प्रशिक्षुओं के स्वागत और उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं की विदाई के लिए समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हालांकि, समारोह के दौरान समय प्रबंधन, मंच संचालन और अतिथि सत्कार में कुछ कमियां भी देखने को मिलीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंबुजा फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा ने की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कौशल विकास को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह में ग्राम पंचायत दाड़ला के प्रधान श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, ग्राम पंचायत दावटी के प्रधान हेतराम तथा घनागुघाट और सरयांज पंचायतों के प्रधान-उपप्रधान सहित संस्थान की स्थानीय सलाहकार समिति के सदस्य कमल ठाकुर, हेमराज और प्रेम ठाकुर मौजूद रहे। समारोह निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। मंच संचालन भी व्यवस्थित नहीं रहा, जिससे कार्यक्रम के संचालन में अपेक्षित तालमेल की कमी नजर आई। संस्थान के प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्यों को मंच पर उचित सम्मान देने तथा अपने विचार रखने का पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने में भी कमी महसूस की गई। समारोह में प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, लेकिन कार्यक्रम में विविधता की कमी नजर आई और अधिकांश समय डीजे पर ही निर्भरता रही। आयोजन के दौरान सामने आई व्यवस्थागत कमियों के बीच कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय शर्मा सहित कुछ अतिथि समारोह समाप्त होने से पहले ही वहां से रवाना हो गए। स्थानीय बुद्धिजीवियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में संस्थान के कार्यक्रमों में समय प्रबंधन, मंच संचालन, सांस्कृतिक गतिविधियों की विविधता और अतिथि सत्कार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अंबुजा
आईटीआई क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है। ऐसे में इसके आयोजनों में भी बेहतर व्यवस्था और अनुशासन दिखाई देना चाहिए, ताकि प्रशिक्षुओं और अतिथियों को सकारात्मक अनुभव मिल सके और संस्थान की प्रतिष्ठा बनी रहे।






