दाड़लाघाट। आदर्श राम नाटक क्लब बागा करोग की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मांगल, बेरल और बागा करोग के प्रधानों सहित बीडीसी सदस्य मांगल, मांगल व बागा करोग के उपप्रधान तथा बागा करोग के पूर्व प्रधान ने संयुक्त रूप से रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया। आदर्श राम नाटक क्लब द्वारा आयोजित यह रामलीला इस वर्ष अपने 19वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। वर्ष 2005 में बेहद कठिन परिस्थितियों में
शुरू हुई इस रामलीला ने अपने सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने रामलीला की शुरुआत से जुड़ी यादें साझा करते हुए पुराने समय के संघर्षों और कलाकारों की मेहनत का जिक्र किया। अतिथियों ने बताया कि उस दौर में आज की तरह मोबाइल और आधुनिक संचार के साधनों का प्रचलन नहीं था। इसके बावजूद रामलीला के मंचन को जारी रखना अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी। पुराने कलाकारों ने सीमित संसाधनों के बीच भी इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए काफी मेहनत की। उनके अनुभव सुनकर क्लब के सदस्यों ने भी महसूस किया कि उनसे पहले की पीढ़ी के कलाकारों ने रामलीला को जीवित रखने के लिए कितना संघर्ष किया होगा। क्लब से जुड़े सदस्यों ने कहा कि वर्ष 2005 से लेकर आज तक छोटे-बड़े सभी कलाकारों ने अपनी ओर से भरपूर योगदान दिया है। कलाकारों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से ही रामलीला की यह परंपरा लगातार जारी है। इस अवसर पर आदर्श राम नाटक क्लब के सह-निदेशक कृष्णा चौहान ने क्लब की ओर से सभी अतिथियों का रामलीला मंच पर पहुंचने और आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उर्मिला रघुवंशी, सुरेंद्रा पंवर, इंदिरा शर्मा, जोगिंदर शर्मा, श्याम लाल चौहान, सीताराम ठाकुर, प्यारे लाल चौहान, राम पाल शर्मा, हीरालाल चौहान, बलदेव सिंह चौहान, धनी राम चौहान, राजकुमार, मस्त राम राजा, संजीव, देशराज, सरला, लीला देवी, सुनीता, आदर्श महिला मंडल बागा, बाबू राम, संजीव कुमार और धर्म पाल सहित राम नाटक क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष बलदेव चौहान तथा क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






