अर्की। स्वर्गीय धर्मपाल ठाकुर की स्मृति में धर्मपाल ठाकुर मेमोरियल क्रिकेट कप 2026 का आयोजन 11 से 22 नवंबर तक अर्जुन खेल मैदान कोटली, शालाघाट में किया जाएगा। महादेव स्पोर्ट्स के सहयोग से आयोजित होने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में अर्की विधानसभा क्षेत्र की 32 टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 55,555 रुपये नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 33,333 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर को 1,111 रुपये व ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं मैन ऑफ द सीरीज रहने वाले खिलाड़ी को 2,222 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क 4,444 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें केवल अर्की विधानसभा क्षेत्र की टीमें ही हिस्सा ले सकेंगी। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ियों की सूची आधार कार्ड और परिवार नकल के साथ 5 नवंबर 2026 तक जमा करवानी होगी। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी टीम का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले पेशेवर खिलाड़ी भाग नहीं ले सकेंगे। प्रत्येक टीम को अपने खेलने का सामान स्वयं लाना होगा।






