दाड़लाघाट। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत सात दिवसीय आवासीय शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के सहायक महाप्रबंधक संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। शिविर में 46 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने
एनएसएस ध्वज फहराया। स्वयंसेवकों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत कर ध्वज को सलामी दी और एनएसएस गीत के माध्यम से योजना के उद्देश्यों को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय की छठी कक्षा की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। एनएसएस स्वयंसेविका वंदना ने राजस्थानी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम प्रभारी हेमलता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, महत्व और इसके तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने स्वयंसेवकों को शिविर में सक्रिय रूप से भाग लेने और इसके माध्यम से अपने ज्ञान, कौशल व व्यक्तित्व का विकास करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि संजय शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने स्वयंसेवकों से निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र और समाज की सेवा करने का आह्वान किया।






