Home » Uncategorized » लोकतंत्र की असली ताकत जनता:-संजय अवस्थी

लोकतंत्र की असली ताकत जनता:-संजय अवस्थी

Share:

दाड़लाघाट:-

दाड़लाघाट जिला परिषद वार्ड के पंचायती राज चुनाव को लेकर विधायक संजय अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता होती है और जब लोग मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े से बड़े कार्य भी संभव हो जाते हैं। उन्होंने जिला परिषद चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे मिनी विधानसभा की संज्ञा दी और कहा कि इन चुनावों को गंभीरता से लड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे योग्य और कर्मठ उम्मीदवारों को आगे लाने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं होते, लेकिन आपसी सहमति और संगठन के माध्यम से मजबूत उम्मीदवार तैयार किए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां पार्टी का निर्णय होगा, वहां सभी को मिलकर उसका समर्थन करना चाहिए। शुक्रवार को शिव मंदिर दाड़लाघाट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक संजय अवस्थी, अर्की मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप सहित क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान जिला परिषद वार्ड दाड़लाघाट के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महिला आरक्षित सीट होने के कारण विभिन्न महिला उम्मीदवारों के नाम भी प्रस्तावित किए गए। बैठक के दौरान विधायक संजय अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सभी पंचायतों को बजट उपलब्ध करवाया है और आगे भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी शुरू करनी चाहिए और हर पंचायत में सहमति का माहौल बनाना आवश्यक है। कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव साझा करते हुए सर्वसम्मति से मजबूत, योग्य और जनहित में कार्य करने वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। महिलाओं की भागीदारी पर खुशी जताते हुए अवस्थी ने कहा कि पंचायत स्तर पर 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जो समाज के लिए सकारात्मक बदलाव है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें और आने वाले चुनावों में जीत सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में राजनीति और चुनावी स्वरूप में बदलाव देखने को मिलेगा, इसलिए सभी को अभी से तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है और हर पंचायत तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से मिलकर क्षेत्र को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। अध्यक्ष सतीश कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया और सभी से एकजुट होकर चुनावों में उतरने की अपील की। इस अवसर पर मोहन सिंह ठाकुर, शंकर दास अरोड़ा, वेदप्रकाश शुक्ला, मस्त राम शर्मा, जगदीश ठाकुर, संजय ठाकुर, राजेश गुप्ता, मनोज गौतम, चौहान कृष्णा, राकेश चौहान, दीपक गजपति, नीलम रघुवंशी, बनिता चौहान, सुनीता शर्मा, मेहर सिंह, विद्या सागर ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जय सिंह ठाकुर, सीडी बंसल, विनोद कंवर, ओम भाटिया, अनिल गुप्ता, अरुण शुक्ला, खेमराज, राजेश शर्मा, गंगा राम सहित काफी संख्या में अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के उपरांत मीडिया के समक्ष विधायक संजय अवस्थी ने पंचायतों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो पंचायत सर्वसम्मति से चुनी जाएगी, उसे सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि वे व्यक्तिगत रूप से भी ऐसी पंचायत को 5 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक सहमति बनाने का आह्वान किया, ताकि आपसी भाईचारा बना रहे और पंचायत प्रतिनिधियों को भी मजबूती मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *