बुघार कनैता ( चंडी ) पवन सिंघ:-
जिला सोलन की ग्राम पंचायत चण्डी में आयोजित होने वाला प्रसिद्ध जिला स्तरीय मेला जय मां चण्डी इस वर्ष 29 और 30 मई 2026 को बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाएगा। मेले को लेकर मंदिर समिति, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र में मेले को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मेला समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 मई, शुक्रवार को मेले का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव डॉ. राम कुमार कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान मां चण्डी देवी की पूजा-अर्चना, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले के दूसरे दिन 30 मई, शनिवार को विशाल भंडारे और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजकों के अनुसार मेले में हजारों श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। मेला समिति ने बताया कि यह मेला केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल, बैठने और वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मां चण्डी मेले का क्षेत्र में विशेष महत्व है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां माथा टेकने पहुंचते हैं। मेले के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहता है और लोगों को धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आनंद लेने का अवसर मिलता है। मेला समिति और आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
खास पंक्तियां
“जहां आस्था का संगम और संस्कृति की पहचान,
वहीं सजता है मां चण्डी मेले का भव्य स्थान।”
“भक्ति, संस्कृति और भाईचारे का उत्सव,
जय मां चण्डी मेले में उमड़ेगा जनसैलाब।”






