Home » Uncategorized » दाड़लाघाट के श्री बाडू बाड़ा मंदिर में रविवार को कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

दाड़लाघाट के श्री बाडू बाड़ा मंदिर में रविवार को कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

Share:

दाड़लाघाट:- पंचायत दाड़लाघाट स्थित श्री बाडू बाड़ा मंदिर में रविवार को कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता से निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। भगवान शिव के जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच कथा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
कथाव्यास हरि जी महाराज ने कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री शिव महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति से मनुष्य के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के माध्यम से अपने जीवन को धर्म, सदाचार और सेवा भाव से जोड़ने का आह्वान किया। पंचायत प्रधान दाड़लाघाट एवं मंदिर कमेटी सचिव श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि यह कथा 17 जून तक चलेगी। प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक मूल पाठ, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने बताया कि 17 जून को महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन होगा। मंदिर कमेटी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *