Home » Uncategorized » मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर दिया गया विशेष बल

मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर दिया गया विशेष बल

Share:

शहनाज़ भाटिया:-

सिविल अस्पताल अर्की में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। बैठक में क्षय रोग (टीबी), गैर-संचारी रोग (एनसीडी), एचपीवी संक्रमण एवं टीकाकरण तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। डॉ. पाठक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि टीबी उन्मूलन अभियान को गति देते हुए संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार और फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग एवं कैंसर जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की नियमित स्क्रीनिंग और जन-जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में एचपीवी टीकाकरण को महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए पात्र लाभार्थियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, उच्च जोखिम गर्भावस्था के मामलों की समय पर पहचान और उचित प्रबंधन पर भी विशेष बल दिया गया ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। बैठक के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की उपलब्धता, प्रयोगशाला सेवाओं और रोगी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. पाठक ने कहा कि मरीजों की संतुष्टि स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी सहित ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. रस्तोगी ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *