दाड़लाघाट:-डीएवी क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 2026 में डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने टीम और व्यक्तिगत दोनों वर्गों में कई पदक और ट्रॉफियां अपने नाम कर शानदार खेल प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय की वॉलीबॉल तथा बास्केटबॉल बॉयज़ एवं गर्ल्स टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी हासिल की। वहीं ताएक्वोण्डो, बॉक्सिंग और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। ताएक्वोण्डो प्रतियोगिता में सात खिलाड़ियों में से तीन छात्राओं और एक छात्र ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दो खिलाड़ियों ने रजत और एक ने कांस्य पदक हासिल किया। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में नौ खिलाड़ियों में से चार छात्राओं ने स्वर्ण पदक जीते तथा पांच छात्रों ने रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 बॉयज़ एवं गर्ल्स तथा अंडर-19 बॉयज़ टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अंडर-19 गर्ल्स टीम उपविजेता रही। एकल वर्ग में राधिका शर्मा (अंडर-14), महक शर्मा (अंडर-17) और आदित्य कृष्णा (अंडर-19) ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-14 बॉयज़ टीम उपविजेता रही। वहीं शतरंज की एकल प्रतियोगिता में पूर्णिमा भारद्वाज ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान सुनिश्चित किया। योग प्रतियोगिता में अंडर-17 गर्ल्स टीम उपविजेता रही तथा कक्षा चौथी की गरिमा साकिया ने प्रथम पुरस्कार हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने खेल शिक्षक अनिल गुप्ता एवं शीतल वर्मा सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत, समर्पण एवं आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एलएमसी अध्यक्ष एवं सीएमओ (नॉर्थ) एसीएल संदीप सीरह ने भी प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।






