दाड़लाघाट:- पंचायत रौडी के श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर गांव खाता में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कथा स्थल पर दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से कथा श्रवण किया। कथावाचक राधारसिक पं. नरेन्द्र गौतम जी महाराज ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा मिलन प्रसंग का मार्मिक वर्णन करते हुए मित्रता, प्रेम, समर्पण और सरल जीवन का संदेश दिया। साथ ही गोवर्धन लीला प्रसंग के माध्यम से बताया कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं तथा अहंकार त्यागकर भक्ति के मार्ग पर चलना चाहिए। कथा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अदाणी समूह के नार्थ जोन के मुख्य निर्माण अधिकारी संदीओ सीरह, क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक संजय शर्मा, अनिल सहित समस्त क्षेत्रवासी, ग्रामवासी तथा राधा रसिक मंच (ट्रस्ट) के सदस्य उपस्थित रहे।






