Home » Uncategorized » राष्ट्रीय पेसापालो चैम्पियनशिप 2026 का सफल समापन 76 खिलाड़ियों का भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन, ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप हेतु अंतिम टीम का होगा

राष्ट्रीय पेसापालो चैम्पियनशिप 2026 का सफल समापन 76 खिलाड़ियों का भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन, ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप हेतु अंतिम टीम का होगा

Share:

कुनिहार:-
पदम सिंह मेमोरियल स्टेडियम, कुनिहार में आयोजित राष्ट्रीय पेसापालो चैम्पियनशिप 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 600 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी एवं खेल पदाधिकारी शामिल हुए। प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश पेसापालो संघ के सहयोग से किया गया, जबकि गो ग्लोबल पेसापालो डेवलपमेंट फाउंडेशन तथा स्पोर्ट्सराइज विश्व खेल विकास एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता फाउंडेशन द्वारा विशेष सहयोग एवं समर्थन प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। विभिन्न वर्गों के मुकाबलों में निम्नलिखित टीमों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किए—

सीनियर मिक्स्ड वर्ग

🥇 प्रथम स्थान – हिमाचल प्रदेश
🥈 द्वितीय स्थान – हरियाणा
🥉 तृतीय स्थान – पंजाब

जूनियर बालक वर्ग (अंडर-18)

🥇 प्रथम स्थान – छत्तीसगढ़
🥈 द्वितीय स्थान – पंजाब
🥉 तृतीय स्थान – हिमाचल प्रदेश

जूनियर बालिका वर्ग (अंडर-18)

🥇 प्रथम स्थान – हरियाणा
🥈 द्वितीय स्थान – छत्तीसगढ़
🥉 तृतीय स्थान – पंजाब

राष्ट्रीय चैम्पियनशिप की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि आगामी अंडर-18 पेसापालो विश्व कप के लिए भारतीय टीम के चयन की प्रक्रिया रही। देशभर से कुल 85 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 39 बालक एवं 37 बालिकाओं सहित कुल 76 खिलाड़ियों का चयन भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया।

चयनित खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर 12 जून से 16 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में खिलाड़ियों को प्रतिदिन प्रातः, दोपहर एवं सायंकालीन सत्रों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के समापन के उपरांत 24 बालक एवं 24 बालिकाओं का अंतिम चयन भारतीय टीम के लिए किया जाएगा।

चयनित भारतीय टीम 2 से 5 अक्टूबर 2026 तक सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंडर-18 पेसापालो विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। खिलाड़ियों के अतिरिक्त मुख्य प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षक, टीम प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, फिजियोथेरेपिस्ट एवं अन्य तकनीकी अधिकारियों सहित कुल 62 सदस्यीय भारतीय दल इस विश्व कप में भाग लेगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पेसापालो के इतिहास में पहली बार इतनी व्यापक एवं सुव्यवस्थित चयन प्रक्रिया के माध्यम से विश्व कप हेतु भारतीय टीम का गठन किया जा रहा है। खिलाड़ियों का चयन महाराष्ट्र के जळगांव, हरियाणा के जींद, पंजाब के समराला तथा हिमाचल प्रदेश में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह पहल भारतीय पेसापालो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को वैश्विक मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

प्रतियोगिता में विभिन्न राज्य संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी, स्वयंसेवक एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे भारतीय पेसापालो के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक आयोजन बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *