दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 21.50 ग्राम अफीम बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार न्यू बस स्टैंड दाड़लाघाट के समीप गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन चालक के घबराए हुए व्यवहार के चलते पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की कंडक्टर सीट के पास रखे कपड़े के नीचे एक पारदर्शी डिब्बी बरामद हुई। पुलिस द्वारा जांच करने पर उक्त पदार्थ अफीम पाया गया। बरामद अफीम का कुल वजन डिब्बी सहित 21.50 ग्राम पाया गया। मामले में वाहन में सवार निवासी दाडगी डाकघर सैंज औरनिवासी पारनू (अर्की) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने 21.50 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।






