Home » Uncategorized » चितकारा विश्वविद्यालय बद्दी में एनसीसी शिविर का आगाज़, बी.एल. स्कूल कुनिहार के 26 कैडेट्स वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लेंगे भाग

चितकारा विश्वविद्यालय बद्दी में एनसीसी शिविर का आगाज़, बी.एल. स्कूल कुनिहार के 26 कैडेट्स वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लेंगे भाग

Share:

कुनिहार:-
बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय के 26 एनसीसी कैडेट्स (छात्र एवं छात्राएं) चितकारा विश्वविद्यालय बद्दी में आयोजित एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-225) में भाग ले रहे हैं। यह शिविर 14 जून से 23 जून 2026 तक प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स प्रत्येक वर्ष विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। इस वर्ष भी विद्यालय के 26 कैडेट्स पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इस दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं। उनके साथ विद्यालय के एएनओ अमर देव भी शिविर में उपस्थित रहकर कैडेट्स का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इस भव्य शिविर में प्रदेश के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से लगभग 588 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
शिविर के दौरान कैडेट्स को सैनिक जीवन एवं अनुशासन से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे। इसके अंतर्गत ड्रिल प्रशिक्षण, हथियार संचालन एवं फायरिंग प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सामाजिक सेवा गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम, नेतृत्व कौशल प्रशिक्षण तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विद्यालय पीटीए अध्यक्ष तथा समस्त अध्यापक वर्ग ने शिविर में भाग लेने वाले सभी एनसीसी कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
शिविर में भाग लेने वाले सभी कैडेट्स में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। उन्हें विश्वास है कि इस प्रशिक्षण शिविर से प्राप्त अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा वे विद्यालय, कुनिहार और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *