बद्दी पवन सिंघ:-
पुलिस जिला बद्दी ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने 14 जून 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम सुराज माजरा गुज्जरां स्थित एक इमारत में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से तीन पॉलिथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 3 किलो 696 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा नशीले पदार्थ को तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पैक्ट स्केल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड लिंक खंगालने और इससे जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है।






