Home » Uncategorized » पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की बैठक आयोजित, की गई,क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा

पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की बैठक आयोजित, की गई,क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा

Share:

दाड़लाघाट:- सब उपमंडल ग्राम पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं और अंबुजा कंपनी से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पूर्व में आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए नियमित रूप से बैठकों में आमंत्रित किया जाता था, जिससे कई मुद्दों का समाधान भी होता था, लेकिन पिछले कुछ समय से यह प्रक्रिया लगभग बंद हो गई है। सुधार सभा महासचिग प्रेम केशव ने बताया कि बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा अंबुजा कंपनी गेट से दाड़लाघाट तक पैदल चलने वाले मार्ग की खराब स्थिति का उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि रास्ता काफी जर्जर हो चुका है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अंबुजा गेट क्षेत्र से बारिश के दौरान नीचे दाड़लाघाट की ओर आने वाले पानी तथा बंद पड़ी नालियों का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में कहा गया कि नालियों की सफाई और उचित निकासी व्यवस्था न होने से वर्षा का पानी सीधे लोगों के मकानों और निजी संपत्तियों को प्रभावित कर रहा है।
बस सुविधा को लेकर भी चर्चा हुई। सभा ने कंपनी प्रबंधन से पहले किए गए आग्रह को दोहराते हुए कहा कि बसों की सुविधा को वैटनरी मोड़ तक बढ़ाया जाए, जिससे लोगों को बैंक, बिजली बोर्ड, तहसील तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में आने-जाने में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही दाड़लाघाट से सुबह आठ बजे एक अतिरिक्त बस चलाने की मांग भी रखी गई। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि अंबुजा कंपनी द्वारा पिछले वर्ष गांव बागा मार्ग पर एक वर्षाशालिका (बस शेल्टर) निर्माण का आश्वासन दिया गया था। सभा ने कहा कि इस सुविधा के बनने से विशेष रूप से बरसात के मौसम में स्कूल जाने वाले बच्चों और अन्य राहगीरों को राहत मिलेगी। सभा के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि कंपनी प्रबंधन क्षेत्र की इन जनसमस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक सहयोग करेगा और आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *