Home » Uncategorized » बी.एल.स्कूल कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स ने वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लहराया परचम,पदकों की लगाई झड़ी

बी.एल.स्कूल कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स ने वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लहराया परचम,पदकों की लगाई झड़ी

Share:

कुनिहार:-
बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि विद्यालय के 26 एनसीसी कैडेट्स (छात्र एवं छात्राओं) ने चितकारा विश्वविद्यालय, बद्दी में आयोजित दस दिवसीय एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-225) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक प्रतियोगिताओं में पदक और सम्मान अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
यह प्रशिक्षण शिविर 14 जून से 23 जून 2026 तक प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश भर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से लगभग 588 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर का संचालन प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स प्रत्येक वर्ष विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। इस वर्ष भी विद्यालय के 26 कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ शिविर में भाग लिया। विद्यालय के एएनओ अमर देव ने भी शिविर में उपस्थित रहकर कैडेट्स का निरंतर मार्गदर्शन किया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार संचालन, फायरिंग, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक सेवा, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अपने नाम किए।
अक्षिता ने एकल नृत्य एवं फायरिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। तनया ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फायरिंग प्रतियोगिता में मुकुंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्तिक एवं सक्षम की जोड़ी ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अक्षिता, नव्या एवं चंचल ने रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा विद्यालय की टीम ने बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विद्यालय पीटीए अध्यक्ष एवं समस्त अध्यापक वर्ग ने सभी प्रतिभागी एवं विजेता कैडेट्स को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है।
शिविर से लौटे कैडेट्स में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है। प्राप्त अनुभव एवं प्रशिक्षण उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भविष्य में वे विद्यालय, कुनिहार एवं हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *