Home » Uncategorized » कुनिहार में एंटी-चिट्टा रैली से गूंजे नशामुक्ति के नारे, विद्यार्थियों ने लोगों को किया जागरूक

कुनिहार में एंटी-चिट्टा रैली से गूंजे नशामुक्ति के नारे, विद्यार्थियों ने लोगों को किया जागरूक

Share:

कुनिहार:-
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एस वी एन विधालय कुनिहार के विद्यार्थियों ने बुधवार को भव्य जागरूकता रैली निकालकर नशे के खिलाफ अलख जगाई। रैली में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए पूरे कुनिहार क्षेत्र में नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली कुनिहार बाजार, ओलड बस स्टैंड,मुख्य बजार और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, चिट्टे को कहो ना, भविष्य को कहो हां, युवा शक्ति देश की शान, नशामुक्त हो हिंदुस्तान तथा नशा मुक्त बनेगा समाज, तभी होगा प्रदेश का विकास” जैसे नारे लगाए। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आम लोगों, दुकानदारों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी तथा समाज से इस बुराई के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में जागरूकता ही इस समस्या से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
विद्यालय अध्यक्ष टी.सी. गर्ग ने कहा कि शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्चक्र से बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। परिवार, विद्यालय और समाज यदि मिलकर कार्य करें तो इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रधानाचार्या नीति चौधरी ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक मानसिक और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय समन्वयक लालिमा जोशी, गुरप्रीत बाजवा, दिक्षा भार्गव, राकेश कुमार, विमला शांडिल, तोशिबा ठाकुर सहित समस्त अध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत भविष्य में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह, संगोष्ठियां और रैलियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

रैली के दौरान पूरे कुनिहार क्षेत्र में नशामुक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी और स्थानीय लोगों ने भी विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *