कुनिहार:-
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में सामाजिक सरोकार एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.), भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा लायंस इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
जानकारी देते हुए विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा सामूहिक सेवा भावना का विकास करना है। शिविर का शुभारम्भ प्रार्थना सभा के साथ किया गया, जिसके उपरांत विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया ,विद्यालय परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, खेल मैदान, विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की व्यापक सफाई की तथा सभी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता अभियान के पश्चात विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। विद्यालय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सेवा शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती पूनम शर्मा, श्री पुरुषोत्तम लाल, एन.सी.सी प्रभारी अमर देव ., स्काउट्स एंड गाइड्स प्रभारी पिंकी कुमारी तथा लायंस इको क्लब के प्रभारी दिनाक्षी एवं विद्यालय के अन्य अध्यापकगण भी उपस्थित रहे।अंत में सभी को रिफ्रेशमेंट बांटी गई I






