Home » Uncategorized » 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली रोगी वाहन योग्य एंबुलेंस सड़क का संजय अवस्थी ने किया शिलान्यास

15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली रोगी वाहन योग्य एंबुलेंस सड़क का संजय अवस्थी ने किया शिलान्यास

Share:

दाड़लाघाट: ग्राम पंचायत रौड़ी के गांव रौड़ी में सोमवार को डीएमएफटी योजना के तहत 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 350 मीटर लंबी रोगी वाहन योग्य एंबुलेंस सड़क का शिलान्यास अर्की विधायक संजय अवस्थी ने किया। यह सड़क रौड़ी से मीरा महाजन की गौशाला तक बनाई जाएगी। सड़क बनने से ग्रामीणों, विशेषकर मरीजों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की आवाजाही सुगम होगी। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और सड़क से वंचित क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि रौड़ी गांव लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित था। ग्रामीणों और फाउंटेन यूथ क्लब के युवाओं ने लगातार इस मांग को उनके समक्ष रखा, जिसके बाद उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से इस सड़क को मंजूरी दिलाई। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक युवा ही क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास से वंचित क्षेत्रों तक सड़क, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने को प्राथमिकता दे रही है। सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, ताकि युवा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ सकें। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने तथा दुग्ध उत्पादकों के हित में कई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादों के बेहतर समर्थन मूल्य और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन देने जैसे निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। उन्होंने इन योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमित आर्थिक संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद के बल पर उन्हें विधानसभा तक पहुंचने का अवसर मिला है और वे इस विश्वास का ऋण क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास कार्य कराकर ही चुका सकते हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि चुनाव राजनीतिक दलों के आधार पर लड़े जाते हैं, लेकिन विधायक बनने के बाद उनकी जिम्मेदारी पूरे विधानसभा क्षेत्र की होती है। उन्होंने कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के सभी पंचायतों और क्षेत्रों का समान विकास कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने अंबुजा सीमेंट प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पूर्व पुलिस थाना भवन दाड़लाघाट को जनहित में उपयोग करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत भूतल पर महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए स्टॉल, प्रथम तल पर युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय तथा ऊपरी मंजिल का भी सामाजिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने रौड़ी से डुगली एंबुलेंस सड़क की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए 3 लाख रुपये, अंबुजा सीमेंट आउटगेट रौड़ी से चिलाई गांव संपर्क मार्ग के लिए 3 लाख रुपये, युवक मंडल भवन के लिए भूमि उपलब्ध होने पर 2 लाख रुपये, तथा खेल मैदान निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा तीनों महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये तथा फाउंटेन युवा क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों को बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया जा रहा है और भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग से अर्की विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का सपना जल्द साकार होगा। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों, फाउंटेन यूथ क्लब, महिला मंडलों, युवक मंडल, अंबुजा सीमेंट प्रबंधन तथा क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में निरंतर सहयोग की अपील की। इस दौरान पंचायत प्रधान रौडी मधुबाला, उपप्रधान मंदन शर्मा, प्रधान दाड़लाघाट श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, प्रधान बरायली कृष्ण चंद भट्टी, प्रधान सनयाडी तनु शर्मा, प्रधान चमाड़की नरेंद्र हांडा, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, वेदप्रकाश शुक्ला, जगदीश ठाकुर, राम कृष्ण बंसल, मोहन सिंह ठाकुर, लाला शंकर दास अरोड़ा, तिलक गौतम, फाउंटेन युवा क्लब प्रधान अजय शर्मा, हरीश शर्मा, राहुल शर्मा डीडी शर्मा, हैप्पी शर्मा, राजेन्द्र कंवर, संजय ठाकुर, सत्याप्रकाश शर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि, फाउंटेन यूथ क्लब के सदस्य, अंबुजा सीमेंट प्रबंधन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *