अर्की:-राजकीय उच्च विद्यालय कशलोग में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फायर मॉक ड्रिल एवं सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन फायर ऑफिसर अशोक कुमार के नेतृत्व में चार सदस्यीय फायर ब्रिगेड टीम द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान फायर ऑफिसर अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा विभिन्न प्रकार की आग को बुझाने के लिए उपयोग किए जाने वाले अग्निशामक यंत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बिजली, गैस, रसोई एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव के व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन भी किया।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को सीपीआर (CPR) की महत्वपूर्ण तकनीक से अवगत कराया गया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए इसके सही उपयोग की जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा के समय त्वरित एवं सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का भी अभ्यास करवाया।
विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक ललित कुमार गांधी ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे बच्चों में आपदा के समय सही निर्णय लेने और दूसरों की सहायता करने की क्षमता विकसित होती है।
इस अवसर पर प्राइमरी हेड हेतराम शर्मा, अशोक कुमार (एचजीटी संस्कृत), सुषमा ठाकुर (एचजीटी कला), ऊर्मिला देवी (एचजीटी विज्ञान), निशा देवी (प्रयोगशाला सहायक) सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रशासन ने फायर ब्रिगेड टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।






