पट्टा महलोग (सोलन): पवन सिंघ:-
दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पट्टा महलोग और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग (HPPWD) ने पट्टा केंडोल में नए HPPWD डिवीजन (मंडल) और सब-डिवीजन (उपमंडल) के गठन को मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह नया डिवीजन तत्काल प्रभाव से कार्य करेगा और HPPWD के तृतीय सर्कल सोलन के अंतर्गत रहेगा।नए डिवीजन के गठन से पट्टा, बरोटीवाला, चंडी और बद्दी क्षेत्र की सड़कों के निर्माण, रखरखाव और विकास कार्यों में तेजी आएगी। इस डिवीजन के अधीन कुल 548.736 किलोमीटर लंबी सड़कों का प्रबंधन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। सरकार ने नए कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE), सुपरिटेंडेंट ग्रेड-II, JOA (IT), हेड ड्राफ्ट्समैन और MTW सहित सात नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। क्षेत्र के लोगों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस मांग को उठाया जा रहा था और अब इसके पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। सड़क परियोजनाओं की निगरानी बेहतर होगी तथा विकास कार्यों में तेजी आएगी।
स्थानीय जनता ने इसे पट्टा महलोग क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। पट्टा महलोग को मिला विकास का नया द्वार, अब सड़कें होंगी बेहतर और विकास होगा और तेज़






