दाड़लाघाट:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट की विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश सरकार की अपना विद्यालय विद्यालय दत्तक ग्रहण योजना के अंतर्गत ग्राम ध्यानपुर (घनागुघाट) के निवासी एवं वर्तमान में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में रक्षा सचिव के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्यरत प्रेम सिंह रघुवंशी द्वारा विद्यालय को गोद लेने के प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया गया। बैठक में समिति ने प्रेम सिंह रघुवंशी के इस सराहनीय निर्णय का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही सर्वसम्मति से उन्हें विद्यालय का विद्यालय संरक्षक बनाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि उनके प्रशासनिक अनुभव एवं मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, व्यावसायिक मार्गदर्शन तथा विद्यालय के आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिल सके। विद्यालय प्रबंधन समिति ने सदस्य सचिव एवं प्रधानाचार्य से विद्यालय दत्तक ग्रहण योजना से संबंधित सभी आवश्यक शासकीय दस्तावेज तैयार कर उच्च शिक्षा उप-निदेशक कार्यालय को भेजने तथा योजना को शीघ्र लागू करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।






