बुघार कनेता (दून): पवन सिंघ:-
ग्राम पंचायत बुघार कनेता में बुधवार को पंचायत प्रधान रमेश कुमार और उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित करनी पड़ी। पंचायत सचिव उमेश कुमार ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा के लिए पंचायत के कुल मतदाताओं का कम से कम 10 प्रतिशत उपस्थित होना अनिवार्य है। पंचायत में 138 लोगों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन केवल 60 से 62 ग्रामीण ही ग्राम सभा में पहुंचे, जिसके चलते बैठक को आगामी 23 जुलाई तक स्थगित कर दिया गया।
ग्राम सभा के दौरान उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं, चल रहे कार्यों तथा आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि अगली ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि पंचायत विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सामूहिक रूप से चर्चा कर निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में रामपुर हेल्थ सेंटर से पहुंची डॉ. मनीषा ने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए लगाए जाने वाले टीकाकरण अभियान की जानकारी देते हुए अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
इस अवसर पर चंडी-जोगिंद्रा बैंक के प्रबंधक महेंद्र कुमार ने बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी के मामलों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करने की सलाह दी। साथ ही विभिन्न हेल्थ इंश्योरेंस योजनाओं के बारे में भी उपयोगी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में कृषि मित्र मोनिका ने प्राकृतिक खेती के लाभ, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी साझा की। ग्रामीणों ने प्राकृतिक खेती को लेकर विशेष रुचि दिखाई और इससे जुड़े कई सवाल पूछे। इससे क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक सोच देखने को मिली।
ग्राम सभा के दौरान पंचायत प्रधान रमेश कुमार और उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उप प्रधान ने ग्रामीणों को वीबी-जी राम-जी (VB-G RAM-G) योजना की भी जानकारी दी, जिसे लोगों ने उत्सुकता के साथ सुना।
पंचायत प्रधान रमेश कुमार और उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने सभी पंचायतवासियों से पुनः अपील की कि वे 23 जुलाई को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में बड़ी संख्या में भाग लें, ताकि पंचायत के विकास, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय जनता की सहभागिता से लिए जा सकें। ग्राम सभा को लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए उन्होंने कहा कि गांव के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है






