Home » Uncategorized » राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चण्डी में मनाया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, 200 पौधे रोपे

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चण्डी में मनाया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, 200 पौधे रोपे

Share:

चण्डी (सोलन), 9 जुलाई: पवन सिंघ:-

पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चण्डी में गुरुवार को “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम बड़े उत्साह और प्रेरणादायक माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए प्रकृति और माँ के प्रति अपने सम्मान को वृक्षारोपण के माध्यम से व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य दर्शन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार माँ हमें जन्म देकर जीवन का आधार प्रदान करती है, उसी प्रकार पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल और स्वच्छ वातावरण देकर जीवन को सुरक्षित बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

अभियान के तहत विद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर लगभग 200 पौधों का रोपण किया। प्रत्येक विद्यार्थी ने एक पौधा लगाकर उसे अपनी माँ को समर्पित किया, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की देखभाल करने का भी वचन दिया।

इस अवसर पर जीव विज्ञान प्रवक्ता नरेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाते हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का अनूठा संदेश समाज तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *