दाड़लाघाट।:-दाड़लाघाट क्षेत्र की निकटवर्ती ग्राम पंचायत रौडी के बागा महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संजय अवस्थी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को उनके समक्ष रखा। ग्राम विकास समिति के सचिव प्रेम केशव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने नौणी–बागा सड़क निर्माण के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने, गांव में सोलर लाइटें लगाने तथा पेयजल सुविधा के लिए बोरवेल स्थापित करने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग की। इस दौरान विधायक संजय अवस्थी ने सामुदायिक भवन की मरम्मत के लिए स्वीकृत दो लाख रुपये की राशि का उल्लेख करते हुए विकास खंड अधिकारी कुनिहार को कार्य शीघ्र शुरू करवाने तथा लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत रौडी की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए एंबुलेंस सड़क निर्माण के लिए भी राशि जारी करने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही महिला मंडल बागा, रौडी एवं खाता को 11 हजार रुपये की सहायता राशि तथा फाउंटेन युवा क्लब रौडी की विभिन्न मांगों को भी स्वीकृति प्रदान की। महिला मंडल एवं स्थानीय लोगों ने विधायक संजय अवस्थी का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करेंगे।






