Home » Uncategorized » सोलन में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, ढांक में फेंकी गई महिला को बचाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

सोलन में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, ढांक में फेंकी गई महिला को बचाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

Share:

सोलन, 11 सोलन जिले के देहुंघाट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की हत्या की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाई गई महिला को उसके पति, देवर और एक साथी ने कथित रूप से सुनसान स्थान पर ले जाकर पहले उस पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर उसे लगभग 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह झाड़ियों से निकलकर बाईपास सड़क तक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।

पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को नगाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार, उसके भाई शिवम तथा उनके मित्र मदन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला आरोपी दलीप कुमार की पत्नी है और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या की कथित साजिश पहले से रची गई थी और इसी उद्देश्य से उसे सोलन लाया गया था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि उनके आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े हर तथ्य को वैज्ञानिक तरीके से खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *