दाड़लाघाट। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती अर्की टोली द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आई 22 टीमों ने भाग लिया और रोमांचक मुकाबलों से खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में राष्ट्रीय वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कँवर मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य सरताज राठौर तथा विद्यार्थी परिषद के पूर्व विभाग संगठन मंत्री एवं जिला परिषद सदस्य दिवांश चंदेल उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह-सेवा प्रमुख राजेंद्र ठाकुर ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। अतिथियों का हिमाचली टोपी, मफलर और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में बुघार की टीम विजेता बनी, जिसे 11,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता टीम को 7,100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वीरेंद्र कँवर और मुख्य वक्ता राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने क्रीड़ा भारती के इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष देशराज ठाकुर, प्रांत प्रचार प्रमुख अक्षय, उपाध्यक्ष धर्मपाल, अजय ठाकुर, आसिफ चौधरी, चेतन ठाकुर, गौरव, कुशल, दलीप, रवि, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी ठाकुर, प्रधान मीनाक्षी वर्मा, प्रधान दाड़लाघाट श्याम चौधरी, प्रधान बरायली कृष्ण चंद भट्टी, सुरेंद्र ठाकुर, उपप्रधान यशविंदर राठौर, उपप्रधान हेमराज गौतम, नरेश ठाकुर, राज गौतम, मदन शर्मा, राजेश पुरी, जुगल किशोर, बीडीसी सदस्य संगीता सोनी, भूपेंद्र शर्मा, गीता राम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।






