शहनाज़ भाटिया:-
लक्ष्य पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अर्की में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर, ब्लॉक अर्की हेमेन्द्र सलारिया ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि हेमेन्द्र सलारिया ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा के प्रति निरंतर जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने एनएसएस के आदर्श वाक्य “Not Me But You” (स्वयं से पहले आप) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का जीवन मंत्र है। यदि युवा इस भावना को अपने जीवन में अपनाएं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः संभव है।
उन्होंने शिविर के दौरान स्वयंसेवियों द्वारा किए गए श्रमदान, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों से भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्य वीना पंवार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने प्रतिदिन योग एवं व्यायाम, श्रमदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जनजागरूकता रैलियां, समूह चर्चाएं तथा विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। दोपहर के सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों के प्रेरणास्रोत व्यक्तियों के व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना था, जिसे स्वयंसेवियों ने पूरी निष्ठा एवं उत्साह के साथ सफल बनाया।
समापन समारोह के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समूह गीत, लोकनृत्य, देशभक्ति प्रस्तुतियों एवं लघु नाटिका के माध्यम से स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का प्रभावशाली संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिविर के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सक्रिय सहभागिता के लिए शिवेश को ‘बेस्ट वालंटियर’ के सम्मान से नवाजा गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य स्वयंसेवियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य वीना पंवार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निधि चौहान एवं पंकज, डीपीई जुगल किशोर, शिक्षिका महंती देवी, परिचारिका किरण थापा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।






