दाड़लाघाट:- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में नवप्रवेशित प्रथम वर्ष बी.ए. एवं बी.कॉम. के विद्यार्थियों के लिए 16 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में औपचारिक स्वागत करना तथा उन्हें शैक्षणिक, सह-पाठ्यचर्या एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से परिचित कराना है। इस दौरान प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश उच्च शिक्षा के उद्देश्यों, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों के शिक्षक पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, छात्रवृत्ति योजनाओं, एंटी-रैगिंग नियमों, मेंटर-मेंटी व्यवस्था, एनएसएस, रोवर एवं रेंजर, रेड रिबन क्लब, ईको क्लब सहित अन्य छात्र-केंद्रित गतिविधियों की जानकारी देंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने शैक्षणिक जीवन की सशक्त एवं प्रेरणादायक शुरुआत करने का आग्रह किया है।






