Home » Uncategorized » दाड़लाघाट पंचायत की नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा बुधवार को पंचायत सभागार में आयोजित

दाड़लाघाट पंचायत की नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा बुधवार को पंचायत सभागार में आयोजित

Share:

दाड़लाघाट:- ग्राम पंचायत दाड़लाघाट की नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा बुधवार को पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी ने की। इस दौरान उपप्रधान हेमराज गौतम, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवक मंडल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पंचायत की पहली ग्राम सभा में 115 सदस्यों की उपस्थिति के साथ कोरम पूर्ण रहा। बैठक में पिछली ग्राम सभा की कार्यवाही की अभिपुष्टि, पिछले तीन माह के आय-व्यय का विवरण, कार्य समिति, बजट समिति, स्वच्छता समिति, उपभोक्ता समिति, सतर्कता समिति, गांववार वन अधिकार समिति तथा विलेज वाटर एंड सैनिटेशन कमेटी का गठन किया गया। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), नशा मुक्त पंचायत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), परिवार विभाजन तथा अन्य सरकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। ग्राम सभा में घर-घर से कूड़ा संग्रहण, स्वच्छता, नशा मुक्ति सहित विभिन्न विषयों के लिए कार्यकारिणियों का गठन किया गया। ग्रामीणों ने बाजारों में फेरी लगाने वाले बाहरी विक्रेताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर पंचायत ने नियमानुसार शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया। ग्राम सभा में पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध 100 रुपये से 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पंचायत बनाने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है अथवा उसके विरुद्ध पुलिस में एफआईआर या कोई मामला दर्ज होता है, तो पंचायत की ओर से उसे मिलने वाली सुविधाओं एवं सहयोग पर नियमानुसार रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रधान के इस प्रस्ताव का ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने समर्थन करते हुए इसकी सराहना की। पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी एवं उपप्रधान हेमराज गौतम ने बताया कि नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा में विभिन्न गांवों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्रामीणों ने विशेष रूप से घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था का मुद्दा उठाया, जिस पर पंचायत ने शीघ्र प्रभावी व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पंचायत सदस्य सुनीता, गीता देवी, मीरा देवी, कर्म चंद, प्रेम चंद, राज कुमारी, राजेश कुमार, मंजू देवी, तरुणा शुक्ला, तिलक राज, श्याम लाल, पंचायत सचिव धनी राम, चौकीदार पवन शर्मा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *