दाड़लाघाट:- शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर दाड़लाघाट क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के समीप रिकांगपिओ डिपो की हमीरपुर–रिकांगपिओ रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस पिछले तीन दिनों से खराब होकर सड़क किनारे खड़ी है। इसके चलते राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का
सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बस बुधवार को अचानक खराब हो गई थी। बस में सवार यात्रियों, विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को काफी कठिनाई झेलनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के दुकानदारों ने बताया कि रिकांगपिओ जाने वाले यात्रियों को रात करीब 11 बजे तक बस के ठीक होने का इंतजार करना पड़ा, लेकिन बस ठीक नहीं हो सकी। इसके बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। लोगों का कहना है कि बस पिछले तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और कई बार जाम जैसी स्थिति बन रही है। इससे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर बस खड़ी रहने से उनके दैनिक कार्यों और व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि खराब बसों की समय रहते मरम्मत कर उन्हें सड़क से हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों, वाहन चालकों और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।






