Home » Uncategorized » अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स प्लांट में कार्यरत संविदा श्रमिकों से जुड़े औद्योगिक विवाद का हुआ सौहार्दपूर्ण समाधान

अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स प्लांट में कार्यरत संविदा श्रमिकों से जुड़े औद्योगिक विवाद का हुआ सौहार्दपूर्ण समाधान

Share:

दाड़लाघाट:- प्रदेश के सोलन जिला के अर्की के मांगल क्षेत्र के बागा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स प्लांट में कार्यरत संविदा श्रमिकों से जुड़े औद्योगिक विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के अधीन उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) चंडीगढ़ के सुलह प्रयासों से प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच समझौता संपन्न हुआ। इस समझौते के तहत प्लांट में कार्यरत करीब 284 संविदा श्रमिकों को अगले पांच वर्षों में लगभग 15 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ मिलने की उम्मीद है। समझौते से श्रमिकों के वेतन, सेवा शर्तों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान हुआ है। समझौते के अनुसार श्रमिकों को पहले वर्ष में 6,000 रुपये प्रतिमाह वेतन वृद्धि मिलेगी। इसके अलावा पदोन्नति नीति से संबंधित प्रावधान, ऊनी जैकेट की आपूर्ति तथा वैधानिक बोनस का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे श्रमिकों के कल्याण और सेवा शर्तों में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। सुलह प्रक्रिया के दौरान प्रबंधन को श्रमिकों के कल्याण, श्रम कानूनों के अनुपालन और बेहतर औद्योगिक संबंध बनाए रखने के प्रति अपने वैधानिक दायित्वों से भी अवगत कराया गया। प्रबंधन ने भविष्य में भी श्रमिक हितों की रक्षा और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने का भरोसा दिलाया। यह समझौता अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स प्लांट बागा के सहायक उपाध्यक्ष (मानव संसाधन) तथा लाल झंडा सीमेंट प्लांट वर्कर्स यूनियन (सीआईटीयू) और अल्ट्राटेक सीमेंट कामगार संघ (बीएमएस) के महासचिवों के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *