Home » Uncategorized » कुनिहार अस्पताल में एमडी चिकित्सक की नियुक्ति की मांग, केवल नए डॉक्टर भेजना पर्याप्त नहीं : वरिष्ठ नागरिक

कुनिहार अस्पताल में एमडी चिकित्सक की नियुक्ति की मांग, केवल नए डॉक्टर भेजना पर्याप्त नहीं : वरिष्ठ नागरिक

Share:

कुनिहार:-
कुनिहार के वरिष्ठ नागरिकों इंद्रपाल शर्मा, आर.पी. जोशी, जगदीश चंदेल, ओमप्रकाश गर्ग, हरिदास, सुशील कुमार, रमेश, योगीराज, शिवराम पाल, मनोहर तथा हरदेव भारद्वाज ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि सरकार द्वारा हाल ही में कुनिहार नागरिक चिकित्सालय में तीन नए चिकित्सकों की नियुक्ति करना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इससे अस्पताल की मूल समस्या का समाधान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि नियुक्त किए गए सभी चिकित्सक नए हैं, जिन्हें कार्य का अनुभव प्राप्त करने और पूरी तरह दक्ष होने में समय लगेगा। वर्तमान में अस्पताल का अधिकांश कार्य केवल एक सर्जन के भरोसे चल रहा है, जबकि पहले भी एक अन्य जूनियर चिकित्सक कार्यरत था और आवश्यकता पड़ने पर अन्य अस्पतालों से चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर बुलाना पड़ता था। हाल ही में नियुक्त तीन चिकित्सकों में से अभी केवल दो ने ही कार्यभार ग्रहण किया है।

वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि कुनिहार अस्पताल लगभग 20 पंचायतों की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, जहां प्रतिदिन लगभग 150 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। पिछले ढाई वर्षों से क्षेत्र की जनता और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सरकार तथा स्थानीय विधायक से लगातार मांग की जा रही है कि अस्पताल में कम से कम एक एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए, ताकि गंभीर बीमारियों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सके। वर्तमान में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को अर्की, सोलन और शिमला के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों के छह स्वीकृत पद हैं। दो नए चिकित्सकों के कार्यभार संभालने के बाद भी अस्पताल में कुल चार चिकित्सक ही कार्यरत हैं, लेकिन इनमें एक भी वरिष्ठ विशेषज्ञ (एमडी) चिकित्सक नहीं है।

वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि अर्की अस्पताल में सात एमडी चिकित्सक कार्यरत हैं, जबकि कुनिहार जैसे महत्वपूर्ण अस्पताल में एक भी विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति नहीं है। इससे क्षेत्र के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में भेदभाव की भावना उत्पन्न हो रही है, जिसके कारण स्थानीय जनता में भारी रोष व्याप्त है।

उन्होंने मुख्यमंत्री तथा स्थानीय विधायक से आग्रह किया कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्राथमिकता देते हुए कुनिहार अस्पताल में शीघ्र एक एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ सहित अन्य आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *