Home » Uncategorized » मस्तरंग के ग्रागा नाले में अचानक आई फ्लैश फ्लड से सांगला-छितकुल मार्ग बाधित। नाले में भारी मात्रा में मलबा

मस्तरंग के ग्रागा नाले में अचानक आई फ्लैश फ्लड से सांगला-छितकुल मार्ग बाधित। नाले में भारी मात्रा में मलबा

Share:

किन्नौर जिले की सांगला घाटी में शनिवार शाम मस्तरंग के समीप ग्रागा नाले में अचानक आई फ्लैश फ्लड से सांगला-छितकुल मार्ग बाधित हो गया। नाले में भारी मात्रा में मलबा, मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर आने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्र में बादल फटने के कारण नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आया।
फ्लैश फ्लड के चलते नाले के आसपास स्थित आईटीबीपी कैंप का आवासीय परिसर भी खतरे की जद में आ गया। हालांकि, समय रहते हालात पर नजर रखी गई और किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह ने बताया कि फिलहाल निजी संपत्ति को किसी नुकसान की सूचना नहीं है। मलबा हटाकर सांगला-छितकुल मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *