Home » Uncategorized » गुरु महाराज कृष्ण प्रकाश मसंद का प्रकाशोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया, सत्संग, पौधारोपण व निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

गुरु महाराज कृष्ण प्रकाश मसंद का प्रकाशोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया, सत्संग, पौधारोपण व निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

Share:

कुनिहार
राधा स्वामी सत्संग समिति, लक्कड़ बाजार (शिमला) के सौजन्य से सत्संग भवन कुनिहार (गांव नगर) में गुरु महाराज श्री कृष्ण प्रकाश मसंद (तृतीय आचार्य) का प्रकाशोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी.सी. धीमान ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु महाराज श्री कृष्ण प्रकाश मसंद को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित सत्संग में वक्ताओं ने गुरु महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों और मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से उनके बताए सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने भी गुरु महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

सत्संग के उपरांत सत्संग भवन परिसर और पार्किंग स्थल पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आध्यात्मिक चेतना के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समय की आवश्यकता है। पौधारोपण के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

प्रकाशोत्सव के अवसर पर निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित कीं। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

समिति ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए कुनिहार के गांव स्यांवा स्थित मानसिक रूप से विक्षिप्त एवं असहाय व्यक्तियों के आश्रम में पहुंचकर उन्हें भोजन और फल भी वितरित किए। इस सेवा कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में टी.सी. धीमान, बृजलाल, रसील सिंह चंदेल, जे.आर. शर्मा, पंकज अटल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *