Home » Uncategorized » शालाघाट पहुंची प्राथमिक शिक्षकों की ‘शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

शालाघाट पहुंची प्राथमिक शिक्षकों की ‘शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

Share:

अर्की:- : हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की वनखण्डी बगलामुखी देहरा से 6 जुलाई को चली काम्प्लेक्स सिस्टम हटाओ के तहत ‘शिक्षा बचाओ न्याय पद यात्रा’ अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को 12वें दिन शालाघाट पहुंची। दाड़लाघाट से आगे बढ़ी इस पदयात्रा का शालाघाट से लेकर खीडीघाटी तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों तथा स्थानीय प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और शिक्षकों की मांगों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।इससे पूर्व प्राइमरी शिक्षक संघ अर्की द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत शालाघाट में किया गया।
यात्रा के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से प्रदेश सरकार के समक्ष न्यू कंप्लेक्स सिस्टम का विरोध, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों का समाधान, एरियर, महंगाई भत्ता, हार्ड एरिया भत्ता सहित 25 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेशभर से मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्राथमिक शिक्षा से जुड़े मुद्दे केवल शिक्षकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज की भी चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा अपने अगले निर्धारित पड़ावों की ओर अग्रसर है और 25 जुलाई को शिमला पहुंचेगी, जबकि 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक भाग लेंगे।इस मौके पर जिलाध्यक्ष जोगा सिंह, आल इंडिया काउंसलर रमेश चंद शर्मा, हिमाचल प्रदेश जनरल सेक्रेटरी रजनीश कौशिक,अर्की खण्ड प्रधान योगेश वर्मा, प्राइमरी टीचर फेडरेशन अर्की जनरल सेक्रेट्री विनय भार्गव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *