दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट केपीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के समीप वीरवार दोपहर करीब दो बजे तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पाए गए। स्थानीय लोगों ने शक होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की। इस दौरान एक युवक के पास से सिरिंज बरामद होने का दावा किया गया, जबकि दो अन्य युवकों ने वहां से जाने का प्रयास किया, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
घटना की सूचना दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस थाना दाड़लाघाट को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने साथ ले गई। पुलिस ने बरामद सिरिंज को कब्जे में लेकर तीनों युवकों को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल अर्की भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।घटना के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों का काफी जमावड़ा लग गया। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही संदिग्ध गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर यह पता लगाने की मांग की कि युवकों के पास सिरिंज कहां से आई। साथ ही यदि इसके पीछे कोई मुख्य सप्लायर या नशा तस्करी से जुड़ा नेटवर्क है तो उसका भी जल्द पता लगाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि विद्यालय के आसपास इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसर और आसपास नियमित निगरानी बढ़ाने तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। थाना प्रभारी दाड़लाघाट पंकज शर्मा ने बताया कि तीनों युवकों को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल अर्की भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उन्होंने किसी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन किया है या नहीं। उन्होंने बताया कि बरामद सिरिंज को भी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जाएगा, ताकि उसकी जांच कराई जा सके। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त करती है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट व एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में कोई आपराधिक प्रकरण बनता है या नहीं। उसी के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






