बढ़लग पवन सिंघ:-
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत बढ़लग के दौरे के दौरान विकास कार्यों की सौगात देते हुए आंजी स्कूल में नवनिर्मित कक्ष और महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के लिए लाखों रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के बाद विधायक दुर्गापुर-च्याला स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक निशान साहिब (झंडा) चढ़ाया और लंगर ग्रहण किया। इसके पश्चात आयोजित जनसभा में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सभा को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत दाड़वा के पूर्व प्रधान रमेश ने कहा कि विधायक रामकुमार चौधरी पार्टीबाजी से ऊपर उठकर विकास कार्य कर रहे हैं और दून विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। वहीं पूर्व प्रधान सतीश ने
पंचायत में विधायक द्वारा करवाए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। ग्राम पंचायत बढ़लग की प्रधान सुमन राघव ने भी क्षेत्र की विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं और उन्हें शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। इस दौरान विधायक रामकुमार चौधरी ने महिलाओं को मिलने वाली ₹1500 सम्मान राशि का उल्लेख करते हुए कहा कि जल्द ही दून क्षेत्र की पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 400 से अधिक परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। विधायक ने जनसभा में भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केवल कार्यालय और संस्थान खोल देना पर्याप्त नहीं है, उनमें अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और जनसेवा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जहां भी नए कार्यालय खोले हैं, वहां आवश्यक अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। जनसभा के दौरान कुछ लोगों ने अधिकारियों के कार्यों को लेकर नाराजगी जताई, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मंच से ही फटकार लगाई और ईमानदारी व जवाबदेही के साथ काम करने की नसीहत दी। वहीं बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की उन्होंने खुले मंच से सराहना भी की।
विधायक रामकुमार चौधरी ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों पर हुई कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देशभर में न्याय की मांग कर रहे छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता। जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों पर लाठीचार्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण और छात्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जेई, एसडीओ और एक्सईएन सहित नायब तहसीलदार सूरत सिंह, दाड़वा के पूर्व प्रधान रमेश, ग्राम पंचायत बुघार कनेता के प्रधान रमेश कुमार, ठिंबर के वार्ड सदस्य सुनील, बीडीसी सदस्य आर.एस. राघव, सरदार सोहन लाल तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनसमस्याओं के समाधान, विकास कार्यों की घोषणाओं और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के संदेश के साथ बढ़लग का यह दौरा पूरे दून क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।






