दाड़लाघाट:-अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ (बीएमएस) दाड़लाघाट यूनियन ने वीरवार को अपना 72वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन कार्यालय में कार्यकारिणी और श्रमिकों द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद मुख्य गेट तक रैली निकाली गई, जहां पुनः ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसएस के प्रचारक महेश्वर उपस्थित रहे। उनका यूनियन पदाधिकारियों ने शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के महामंत्री ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित के बीच संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने श्रमिकों से इन तीनों उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया। यूनियन के महामंत्री नरेश कुमार ठाकुर ने कहा कि संगठन की मजबूती उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि महेश्वर ने भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और परस्पर सहयोग की भावना को अपनाने का आह्वान किया। वहीं यूनियन अध्यक्ष सुरेश कुमार ने सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता बनाए रखने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुरेश कुमार, महामंत्री नरेश कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष रूपेश कुमार, टेकचंद, शेर सिंह, भुवनेश कुमार, राकेश महाजन, विनोद शर्मा, रोशन लाल, बलवंत सिंह, गोविंद राम बिट्टू, दीपचंद सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।






