दाड़लाघाट:-अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के नव-निर्मित भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।विधायक संजय अवस्थी ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और नया महाविद्यालय भवन सितंबर माह तक महाविद्यालय को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है तथा धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध भूमि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नई अधोसंरचना का लाभ विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्र के
लोगों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि नए भवन के शुरू होने से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नई गति मिलेगी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने विधायक संजय अवस्थी का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवन के उपलब्ध होने से शिक्षण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में अधिक सुविधा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना प्राप्त होगी। महाविद्यालय परिवार ने नए भवन के शीघ्र हस्तांतरण की उम्मीद जताते हुए प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश, महाविद्यालय का स्टाफ तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






