दाड़लाघाट। शिमला–मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-205) स्थित दाड़लाघाट के अंबुजा चौक पर शुक्रवार शाम हुई बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने आई। कुछ ही देर की बारिश में चौक पर पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगी। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार शाम एक स्थानीय व्यक्ति ने अंबुजा चौक पर हुए जलभराव का वीडियो बनाकर स्थानीय सोशल मीडिया समूहों में साझा किया। वीडियो
सामने आने के बाद लोगों ने एक बार फिर इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार इसी स्थान के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु नहीं होने से पानी सड़क पर जमा हो जाता है। कई बार पानी दुकानों के बाहर तक पहुंच जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यहां से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों और पैदल यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज उठाई थी। उस समय संबंधित अधिकारियों की ओर से अंबुजा चौक पर यू-शेप ड्रेन बनाकर जल निकासी की व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया गया था, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके। हालांकि एक वर्ष बीतने के बाद भी यह कार्य धरातल पर नजर नहीं आया और शुक्रवार की बारिश ने एक बार फिर पुरानी समस्या को उजागर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दाड़लाघाट एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है और एनएच-205 पर स्थित अंबुजा चौक से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने स्थानीय विधायक संजय अवस्थी, एनएच, लोक निर्माण विभाग तथा जिला प्रशासन से अंबुजा चौक की जल निकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर मानसून में सामने आने वाली इस समस्या का अब स्थायी और व्यावहारिक समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को बार-बार इस परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, इस संबंध में एनएच के सहायक अभियंता नेत्रा प्रकाश ने बताया कि अंबुजा चौक पर जलभराव की समस्या का निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी, ताकि बरसात के दौरान लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।






