कुनिहार:-
हिमाचल सरकार न जाने किन अज्ञात कारणो से कुनिहार की जनता पर . , हाईकोर्ट में नगर पंचायत सृजन के खिलाफ केस दायर होने के बावजूद जबरन बिना किसी चुनाव कराए , नगर पंचायत थोपने का प्रयास कर रही है। ग्राम पंचायत हाटकोट के कार्यालय को जबरन अपना कार्यालय बना कर वहां पर ताला जड़ दिया गया तथा ग्राम पंचायत हाटकोट के बोर्ड की जगह नगर पंचायत कुनिहार का बोर्ड लटका कर अपने कार्यो से इतिश्री कर ली है।
शहरी विभाग के पास नगर पंचायतें चलाने के लिए कार्यालय सचिव तक नहीं है। एक सचिव के पास तीन – तीन नगर पंचायतों का कार्य भार दिया गया है। नगर पंचायत कण्डाघाट मे कार्यरत सचिव ही नगर पंचायत अर्की व नगर पंचायत कुनिहार का कार्य भी देख रहा है। तथाकथित कुनिहार नगर पंचायत में तो जन्म मरण पंजीकरण का रजिस्टर ही नहीं खोला गया है जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुनिहार क्षेत्र से राज्यपाल हि .प्र . के पास जाकर अपनी जीवन भर की कमाई हुई पूँजी रु . 26 लाख केवल रेडक्रास मे देने वाले दानदाता स्व. राज कुमार पुत्र स्व जसवन्त राम का मृत्यु पंजीकरण आज तक नही हो पाया है। गांव ऊंचागांव मे हाल ही मे दो लोगो स्व . दुनी चन्द वर्मा व स्व अनोखी राम ठाकुर की मृत्यु के पंजीकरण के लिए परिजन दर-दर की ठोकरे खाने को मजबुर हो रहे हैं। नगर पंचायत का कार्यालय अक्सर बन्द ही नजर आता है। प्रभावित परिवारों को मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त नही हो रहे है जिससे उनके राजस्व , बैंक , तथा पैन्शन सम्बधित सारे कार्य अधर में लटक गए है और जनता का रोष इस व्यवस्था के प्रति दिन प्रतिदिन बढता ही जा रहा है।






