दाड़लाघाट:-प्रदेश नंबरदार जन कल्याण संघ (पंजीकृत) की बैठक सोमवार को पंचायत घर दाड़लाघाट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान जगत राम तनवर तथा दाड़लाघाट इकाई के प्रधान नंदलाल ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा नंबरदारों के मानदेय को 4,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये किए जाने के कैबिनेट निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही हिमाचल प्रदेश नंबरदार जन कल्याण महासंघ के प्रदेश स्तर पर पंजीकरण होने तथा अर्की के मांगल क्षेत्र से भीम सिंह चौहान को हमीरपुर में आयोजित प्रदेश
कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी गई। बैठक में संगठन को प्रदेश, जिला, उपमंडल एवं तहसील स्तर पर अधिक मजबूत बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया। इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर संगठन के विस्तार तथा अधिक से अधिक नंबरदारों को सक्रिय रूप से जोड़ने का निर्णय लिया गया। बैठक में नंबरदारों की विभिन्न समस्याओं, उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह चौहान ने कहा कि बरसात के मौसम में सभी नंबरदार जरूरतमंद लोगों की सहायता करें तथा सरकार और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में भी नंबरदारों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विभिन्न जिलों के उपायुक्तों, उपमंडल अधिकारियों तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। आगामी दिनों में हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, सोलन, शिमला और मंडी सहित विभिन्न जिलों में नंबरदारों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि संगठन को तहसील, उपमंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह चौहान, दाड़लाघाट इकाई के प्रधान नंदलाल ठाकुर, अर्की इकाई के प्रधान जगत राम तनवर, सचिव मोहन ठाकुर, कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद ठाकुर, तीर्थ राम, सोहन लाल ठाकुर, ललित ठाकुर, चमन शर्मा, मदन लाल, नीमचंद ठाकुर, ज्ञानचंद ठाकुर, अनीता शर्मा, कृष्णी देवी, देवेंद्र, बिंदु, अमर देव, मनसाराम ठाकुर सहित अन्य नंबरदार उपस्थित रहे।






